गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
आईएमएस गाजियाबाद ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल की है। संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों के 12 छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर कुल चार स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। लगातार कई वर्षों से विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त करने की परंपरा को इस वर्ष भी संस्थान के विद्यार्थियों ने कायम रखा।
12 विद्यार्थियों ने हासिल किए पदक, संस्थान का बढ़ाया गौरव
विश्वविद्यालय में बीबीए के अभय कुमार शर्मा, बीजेएमसी की मोक्ष त्यागी, एमएससी जैव प्रौद्योगिकी की ईशा बंसल तथा मास्टर ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस की छात्रा प्रीति बिष्ट ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर अपने-अपने पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान हासिल किया।
इन सभी विद्यार्थियों को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की उपस्थिति में स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त बीएससी जैव प्रौद्योगिकी की छात्रा साक्षकी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आर.पी. चड्ढा मेरिटोरियस गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों की सफलता को बताया मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
दीक्षांत समारोह में संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर, सभी विभागाध्यक्ष, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आईएमएस गाजियाबाद समूह संस्थानों के महासचिव सीए (डॉ.) राकेश छारिया ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
वहीं प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
