मोदीनगर (शिखर समाचार)।
बागपत मोदीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर गाजियाबाद, मेरठ और बागपत के केंद्रीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए दूसरी पाली शुरू करने तथा अतिरिक्त कक्षाओं की स्वीकृति देने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
दिल्ली-नोएडा मॉडल का दिया उदाहरण
डॉ. राजकुमार सांगवान ने बताया कि दिल्ली और नोएडा के कई केंद्रीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के कारण दूसरी पाली का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। इसके विपरीत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का हिस्सा होने के बावजूद गाजियाबाद, मेरठ और बागपत के केंद्रीय विद्यालयों में ऐसी व्यवस्था पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि इन तीनों जनपदों में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर तथा मेधावी विद्यार्थी केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक रहते हैं, लेकिन सीमित सीटों और स्वीकृत कक्षाओं की संख्या कम होने के कारण अनेक पात्र छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।
अभिभावकों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सांसद ने कहा कि प्रवेश नहीं मिलने की स्थिति में अभिभावकों को मजबूरीवश महंगे निजी विद्यालयों में बच्चों का दाखिला कराना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद, मेरठ और बागपत के सभी केंद्रीय विद्यालयों में शीघ्र दूसरी पाली शुरू कराने के साथ अतिरिक्त कक्षाओं की भी स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मांग पर सकारात्मक निर्णय होने से हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।
