बिजनौर (शिखर समाचार)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 17 जुलाई को संभावित बिजनौर दौरे की चर्चाओं ने जिला प्रशासन की सक्रियता बढ़ा दी है। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को अधिकारियों ने वर्धमान कॉलेज मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक तैयारियां शुरू करा दीं। मैदान में बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्धमान कॉलेज मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
संभावित दौरे को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, वीआईपी आवागमन, जनसभा स्थल की तैयारियों तथा विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सभी संभावित व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जनसभा और विकास कार्यों की समीक्षा की संभावना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, यदि कार्यक्रम तय होता है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिला मुख्यालय पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने की भी संभावना जताई जा रही है।
हालांकि प्रशासन का कहना है कि अभी आधिकारिक कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है, फिर भी संभावित दौरे को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा होने पर किसी प्रकार की कमी न रहे।
