मोदीनगर (शिखर समाचार)। पूर्व सैनिक शौर्य कल्याण संगठन की ओर से कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर गोविंदपुरी स्थित सुचेता पुरी कॉलोनी में प्रस्तावित सैनिक भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ भी किया गया।
सैनिक भवन निर्माण का हुआ शुभारंभ
भवन निर्माण की शुरुआत विधायक मंजू सिवाच, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद वैशाली तथा कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने ईंट रखकर और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सैनिक भवन को पूर्व सैनिकों और समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
एनसीसी कैडेटों की भव्य रैली और गार्ड ऑफ ऑनर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने मोदी मंदिर से दिल्ली-मेरठ मार्ग होते हुए मुल्तानी मल मोदी पीजी कॉलेज तक भव्य रैली निकाली, जिसमें कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद एनसीसी कैडेटों ने कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने साझा किए कारगिल युद्ध के अनुभव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
अपने प्रेरक संबोधन में कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और पराक्रम का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों और दुर्गम चोटियों पर जान की परवाह किए बिना भारतीय सेना ने विजय प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाया। संगठन के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण सिंह राठी ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुदेश शर्मा, सत्येंद्र तोमर, बालचंद बंसल, अरुण त्यागी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक और एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।
