बिजनौर (शिखर समाचार)। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी जसजीत कौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों का नामांकन बढ़ाना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था।
रैली में जनपद के विभिन्न परिषदीय एवं अन्य विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने शिक्षा के महत्व और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश देती तख्तियां हाथों में लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर से निर्धारित मार्गों पर भ्रमण किया और समाज को साक्षरता तथा नियमित विद्यालयी शिक्षा का संदेश दिया।
शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव: जिलाधिकारी
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, क्योंकि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जुड़कर शिक्षा के प्रसार में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
अधिकारियों और शिक्षकों ने लिया अभियान को सफल बनाने का संकल्प
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
