मेरठ (शिखर समाचार)। मेरठ परिक्षेत्र में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत गैंगस्टर, आदतन अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध व्यापक अभियान जारी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि एक जनवरी 2026 से अब तक मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत 122 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 494 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत करीब छह करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई है। प्रभावी विवेचना और न्यायालय में सशक्त पैरवी के चलते इस वर्ष अब तक गैंगस्टर अधिनियम के 61 मामलों में अभियुक्तों को सजा भी दिलाई गई है।
मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में हुई व्यापक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार मेरठ में 41 मुकदमों में 173, बुलंदशहर में 57 मुकदमों में 220, बागपत में 16 मुकदमों में 71 तथा हापुड़ में आठ मुकदमों में 30 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। संपत्ति कुर्की के मामलों में मेरठ में 3.35 करोड़ रुपये, बुलंदशहर में 2.35 करोड़ रुपये, बागपत में चार लाख रुपये और हापुड़ में 30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
वहीं सजा के मामलों में बुलंदशहर सबसे आगे रहा, जहां 37 मामलों में दोषियों को सजा मिली। मेरठ में 16, हापुड़ में पांच और बागपत में तीन मामलों में न्यायालय ने दोषसिद्धि की।
अपराधियों पर कठोर कार्रवाई से मजबूत होगी कानून-व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि गैंगस्टर, समाज विरोधी, आदतन एवं साइबर अपराधियों के विरुद्ध गुंडा अधिनियम, जिला बदर, संपत्ति जब्ती सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
