हापुड़ (शिखर समाचार)। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सरस्वती आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग परिसर में व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावकत्व के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की वैश्विक थीम आज और भविष्य के लिए युवाओं की आशाओं एवं आकांक्षाओं को साकार करना रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों तथा एमबीबीएस 2023 बैच के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पोस्टर प्रदर्शनी और संवाद सत्रों के माध्यम से दी गई जानकारी
बाह्य रोगी विभाग परिसर में स्वास्थ्य शिक्षा व्याख्यान, शैक्षणिक पोस्टर प्रदर्शनी, परामर्श सत्र और संवादात्मक चर्चाओं के माध्यम से परिवार नियोजन, जन्म अंतराल, किशोर स्वास्थ्य, पोषण, जिम्मेदार अभिभावकत्व तथा सरकार की परिवार कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन विनीत रस्तोगी के मार्गदर्शन में वंदना कश्यप और अरशद हुसैन ने किया।
स्वस्थ परिवार और विकसित राष्ट्र के निर्माण पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
संस्थापक एवं अध्यक्ष जे. रामचन्द्रन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और प्रजनन संबंधी जागरूक निर्णय ही सतत विकास का आधार हैं। उपाध्यक्ष रम्या रामचन्द्रन ने कहा कि संस्थान निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और सामुदायिक कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम बरखा गुप्ता, सी.एस. आहलूवालिया, आर.के. सहगल, रघुवर दत्त तथा एन. वर्धराजन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान स्वस्थ परिवार, जिम्मेदार समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
