जेवर (शिखर समाचार)।
जेवर क्षेत्र के खुर्जा मार्ग स्थित नीमका गांव के समीप बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में धान की रोपाई का कार्य कर लौट रहे तीन प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे मजदूरों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
बारिश के बीच खेतों से लौट रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार बिहार के अररिया जिले से आए कई मजदूर हर वर्ष की तरह इस बार भी नीमका गांव में धान की रोपाई के लिए पहुंचे थे। बुधवार रात करीब नौ बजे बारिश शुरू होने के कारण मजदूर खेतों से पैदल गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खुर्जा की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि करन (22), विश्वजीत (24) और मिथुन (25) निवासी अररिया (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पहचान, चालक की तलाश जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज की जांच के आधार पर दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान कर ली गई। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मृतकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसआई बोले— जल्द होगी आरोपी चालक की गिरफ्तारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
एसएसआई संसार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर उसे कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे से गांव में शोक का माहौल है तथा मृतकों के साथ काम करने वाले अन्य मजदूर भी घटना से स्तब्ध हैं।
