गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
थाना शालीमार गार्डन पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले 1 अभियुक्त जाकिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी, एक अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि थाना शालीमार गार्डन पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीएलएफ क्षेत्र स्थित शौचालय कट के पास घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
चोरी की स्कूटी और अवैध तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर पुत्र साकिर निवासी नई सीमापुरी, थाना सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की एक्टिवा स्कूटी, एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
बरामद स्कूटी के संबंध में जांच करने पर पता चला कि यह वाहन शालीमार गार्डन क्षेत्र से चोरी हुई थी। अभियुक्त के खिलाफ थाना शालीमार गार्डन और थाना साहिबाबाद में चोरी, चोरी के माल की बरामदगी तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
नशे की जरूरत पूरी करने के लिए करता था चोरी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसने साहिबाबाद क्षेत्र के यशिका पार्क इलाके से उक्त स्कूटी चोरी की थी।
बरामद तमंचा वह लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से अपने पास रखता था। आरोपी ने बताया कि उसे नशे की लत है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन भी आरोपी मोटरसाइकिल, स्कूटी तथा बंद पड़े मकानों में चोरी करने की नीयत से क्षेत्र में आया था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी की वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
