वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 : डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Tree Plantation Mega Campaign-2026: Meeting Held Under the Chairmanship of the District Magistrate IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिला वृक्षारोपण समिति की मासिक बैठक दुर्गावती सभागार कक्ष गाजियाबाद में डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद, मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद तथा समिति के नामित एवं पदेन सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने बैठक में सभी कार्यदायी विभागों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जनपद गाजियाबाद को कुल 10,22,300 पौधों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके सापेक्ष सभी विभाग अग्रिम मृदा कार्य वाले स्थलों का स्वयं निरीक्षण करें और उसके अनुरूप वन विभाग की राजकीय पौधशालाओं से पौधों का उठान 9 जुलाई 2026 तक पूरा कर लें।

सड़क किनारे एक ही प्रजाति के पौधे लगाने के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे एक ही प्रजाति के थीमैटिक वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत पौधारोपण स्थलों में से किसी एक स्थान पर वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ कराया जाए। साथ ही हरितिमा ऐप के माध्यम से प्रत्येक पौधारोपण स्थल की जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और समय-समय पर सिंचाई की व्यवस्था भी की जाए।

पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी : डीएम

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपद की सभी संस्थाओं, फर्मों, गैर-सरकारी संगठनों, शिक्षण संस्थानों और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा हरित एवं स्वच्छ गाजियाबाद के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि पौधारोपण की पहल वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए भी आवश्यक है। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने माता-पिता के साथ कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। बैठक से पूर्व जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, डीएफओ ईशा तिवारी, सीडीओ कुमार सौरभ सहित अन्य अधिकारियों ने विकास भवन परिसर में पौधारोपण किया।

Share This Article
Leave a comment