सड़क किनारे बने अवैध ढांचे ध्वस्त, भारी पुलिस बल की मौजूदगी
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। लोनी तिराहे के पास प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे वर्षों से लगे अतिक्रमण, अस्थायी निर्माणों और अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस दौरान राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया था अतिक्रमण
अवैध रूप से सड़क और सरकारी भूमि पर दुकानें, खोखे, टीनशेड और अन्य अस्थायी ढांचे को हटाया गया। इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा था, बल्कि आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार नोटिस दिए जाने और स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देशों के बावजूद कब्जाधारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई का निर्णय लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों के जरिए अवैध निर्माणों को हटाने का कार्य शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने अपना सामान स्वयं हटा लिया, जबकि जिन लोगों ने ऐसा नहीं किया उनके अवैध ढांचों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी और किसी भी प्रकार के विरोध या हंगामे की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
जाम की समस्या खत्म करने और सुरक्षा के लिए कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एसडीएम लोनी दीपक ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण लंबे समय से जाम की स्थिति बन रही थी, जिसे खत्म करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकारी भूमि पर कब्जा न करें और स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा कार्रवाई के साथ उसका खर्च भी वसूला जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यहां पर बनी अवैध मजार को भी हटाया गया है, ताकि सड़क पूरी तरह जाम मुक्त रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
