छपरौला दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर डीएम सख्त, विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
DM takes strict stand on issues of Chapraula–Dadri industrial area, directs departments to ensure time-bound resolution IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।

छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। उद्योग प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से कराए जा रहे जल निकासी निर्माण कार्य में हो रही देरी, पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता तथा नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-4 से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

औद्योगिक समस्याओं के त्वरित समाधान पर डीएम के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर जल निकासी कार्य की समीक्षा के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के संबंधित ठेकेदार के बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मामले से शासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए।

प्राधिकरण और पुलिस समन्वय से समाधान के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-4 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण और पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उप जिलाधिकारी विवेक भदौरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment