बिजनौर (शिखर समाचार)।
यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सूचना निदेशक विशाल सिंह से भेंट कर पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनने में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित आवेदनों की स्टेटस रिपोर्ट यूनियन को उपलब्ध कराने तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग उठाई।
लंबित आयुष्मान कार्ड मामलों पर जताई चिंता
यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में सूचना निदेशक के निर्देश पर आयुष्मान कार्ड बनाने वाली एजेंसी ने सूचना निदेशालय में विशेष शिविर लगाया था। उस दौरान जिन पत्रकारों के आवेदन तकनीकी त्रुटियों के कारण लंबित रह गए थे, उनसे नए आवेदन पत्र भरवाए गए थे।
हालांकि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी अधिकांश मामलों का निस्तारण नहीं हो सका है। साथ ही एजेंसी ने नए आवेदन भी स्वीकार नहीं किए, जिससे कई पात्र पत्रकार योजना के लाभ से वंचित हैं।
विशेष शिविर लगाने और प्रक्रिया तेज करने की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रतिनिधिमंडल ने सूचना निदेशक से अनुरोध किया कि आयुष्मान योजना का कार्य देख रही एजेंसी को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही सूचना निदेशालय और जिला सूचना कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को गति दी जाए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लखनऊ मंडल अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने किया। इस दौरान शिव विजय सिंह, अनिल कुमार सैनी और अनिल त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
