हापुड़ (शिखर समाचार)। पिलखुवा की प्रतिभाशाली बेटी प्रस्तुति शर्मा ने नागालैंड में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर जनपद हापुड़ और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भूमिका की व्यापक सराहना हो रही है। प्रस्तुति शर्मा हिंदी अकादमी दिल्ली के पूर्व उपसचिव एवं आकाशवाणी उद्घोषक ऋषि कुमार शर्मा की पुत्री तथा समाजसेवी मनोज कुमार शर्मा ‘जॉनी’ की भतीजी हैं।
एनईपी-2020 के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
भारत सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए प्रस्तुति शर्मा को नागालैंड के सभी 17 जिलों में कार्य करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पिछले तीन माह से नागालैंड के शिक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित कर नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यरत हैं।
गत 19 जून को कोहिमा स्थित राज्य सचिवालय सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम ने लगभग 300 अधिकारियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों, शोधार्थियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं तथा उसके क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तृत प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में नीति के उद्देश्यों, चुनौतियों और संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने की सराहना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर नागालैंड सरकार में स्कूल शिक्षा एवं राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के सलाहकार डॉ. केख्रिलहोलिये यहोमे ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के माध्यम से राज्य को देश की मुख्यधारा से और अधिक सशक्त रूप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में नीति को शीघ्र लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।
प्रस्तुति शर्मा प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रही हैं। बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्हें चीन में शोध कार्य के लिए एक वर्ष की छात्रवृत्ति मिली। शोध कार्य पूर्ण करने के उपरांत उन्होंने असम सरकार के शिक्षा विभाग में सलाहकार के रूप में भी सेवाएं दीं।
शैक्षिक और पेशेवर उपलब्धियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान के लिए नागालैंड सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने प्रस्तुति शर्मा और उनकी टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया। कोहिमा में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
पिलखुवा की बेटी की इस उपलब्धि से नगरवासियों में खुशी और गर्व का माहौल है। परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
