गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद को नशे के कारोबारियों के चंगुल से मुक्त करने के लिए पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड के आदेश पर पुलिस विभाग ने ऑपरेशन प्रहार चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत पुलिस विभाग की टीम अवैध मादक पदार्थ की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। शनिवार को थाना इंदिरापुरम पुलिस ने चेकिंग के दौरान शाहरुख को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर 4 किलो 956 ग्राम अवैध गांजा व उसकी बिक्री से अर्जित 9500 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोचा
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सेक्टर-7 सर्विस रोड स्थित टी-पॉइंट के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान शाहरुख उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 956 ग्राम गांजा और 9500 रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में नकदी को गांजे की बिक्री से प्राप्त रकम बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से नशे के इस अवैध कारोबार में शामिल था और इसी से अपने परिवार का खर्च चलाता था।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
एसीपी ने बताया कि पुलिस अब आरोपी के सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह दिल्ली से गांजा खरीदकर लाता था और गाजियाबाद में नशा करने वाले लोगों को बेचता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने जिस व्यक्ति से गांजा खरीदने की बात बताई है, उसका नाम और पता उसे मालूम नहीं है। मामले में आगे की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
