शामली (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर तत्काल सुधार के निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निर्देश दिए कि जनपद में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां तत्काल सुधारात्मक कार्य कराए जाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
जिलाधिकारी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निर्धारित मानकों के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए प्रवर्तन अभियान लगातार चलाए जाएं तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाए।
क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/master-plan-2031-brings-growth-and-investment/
बैठक में शामली-अंबाला तथा दिल्ली-देहरादून मार्ग पर मिट्टी ढुलाई के कारण क्षतिग्रस्त हुए संपर्क मार्गों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस दौरान लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आने वाली सड़कों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने एनएचएआई को तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त मार्गों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
इसके अलावा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजकुमार, एआरटीओ (यातायात) तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
