जेवर (शिखर समाचार)
किसानों और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने मंगलवार को जेवर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
रौनीजा गांव की समस्याओं को लेकर लंबा आंदोलन
यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज ने बताया कि गांव रौनीजा में यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किसान पिछले 12 महीनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि आम लोगों की सुविधा के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के साथ-साथ आगरा तक सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र कराया जाए। साथ ही किसानों को यमुना एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत आवासीय भूखंड और अतिरिक्त मुआवजा जल्द उपलब्ध कराया जाए।
टोल प्रबंधन और टैक्स को लेकर नाराजगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
मास्टर श्योराज ने आरोप लगाया कि जेवर टोल प्लाजा के प्रबंधक द्वारा किसान संगठनों के प्रति अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। उन्होंने संबंधित प्रबंधक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नोएडा एयरपोर्ट से 50 किलोमीटर की परिधि तक किसी भी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।
धरना प्रदर्शन के दौरान विश्वास नगर, प्रमोद शर्मा, विनोद चौधरी, विनोद भाटी, सुनील भाटी, राहुल भाटी, मोहित प्रधान, अरुण चौधरी, अशोक और पप्पू नागर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
