​एमडीडीए कार्यालय में रक्तदान शिविर: अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया 40 यूनिट ब्लड डोनेट, उपाध्यक्ष बोले, विकास के साथ सामाजिक सरोकारों में भी आगे है प्राधिकरण

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Blood Donation Camp Held at MDDA Office: Officials and Employees Donate 40 Units of Blood; Vice-Chairman Says Authority Leads in Social Responsibility Along with Development — IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

देहरादून (शिखर समाचार)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय परिसर में सोमवार को कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी व मान्या चैरेटेबिल ब्लड सेंटर के सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पित इस पहल में प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारी उत्साह दिखाते हुए बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि रक्तदान महादान है और महज एक यूनिट रक्त से तीन जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। इस लिहाज से शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में मरीजों को जीवनदान देने की दिशा में एक बड़ा योगदान दिया गया है। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए। वहीं रक्तदान करने वाले कर्मचारी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और वे भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहेंगे।

विकास कार्यों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी जरूरी: बंशीधर तिवारी

ALSO READ:https://zeenews.india.com/hindi/india/up-uttarakhand/ghaziabad/photo-gallery-gda-decided-in-meeting-10-crossings-widened-and-beautified-in-ghaziabad/2875019

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त मिलना उसके लिए नया जीवन साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि एमडीडीए केवल विकास कार्यों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।

कर्मचारियों की भागीदारी की सराहना

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने इस अभियान की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे किसी अजनबी का जीवन बचाया जा सकता है। शिविर में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी बेहद सराहनीय रही और 40 यूनिट रक्त का संग्रह इस मुहिम की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं और मेडिकल टीम को बधाई देते हुए आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a comment