लखनऊ/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसानों का सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। जेवर से लखनऊ के लिए संचालित पहली वाणिज्यिक उड़ान से राजधानी पहुंचे 170 किसानों, जिनमें 28 महिलाएं भी शामिल थीं, ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर अब वह क्षेत्र बन चुका है जहां बड़ी बड़ी कंपनियों के साथ साथ कुबेर भी आना चाहते हैं।
जेवर एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले किसानों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तकदीर बदलने वाला विकास का केंद्र है। उन्होंने बताया कि जब प्रदेश सरकार ने जेवर में एयरपोर्ट निर्माण का निर्णय लिया था, तब भूमि अधिग्रहण को लेकर कई चुनौतियां सामने आई थीं। किसानों से संवाद और विश्वास के आधार पर यह परियोजना आगे बढ़ी और आज उसका परिणाम पूरे देश के सामने है।
उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ी और एयरपोर्ट परियोजना साकार हुई।
जेवर में विकास और निवेश की नई तस्वीर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले जेवर क्षेत्र अपराध, असुरक्षा और अविकास का प्रतीक बन चुका था, लेकिन आज वही क्षेत्र देश और दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का पहला कार्गो और एमआरओ (एयरक्राफ्ट मेंटिनेंस, रिपेयरिंग एवं ओवरहॉलिंग) केंद्र बनने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे किसानों के उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकेंगे और स्थानीय उत्पादन को वैश्विक कीमतें मिलेंगी, जिससे आय में बढ़ोतरी होगी।
रोजगार, शिक्षा और आधुनिक उद्योगों पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग, सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, फिल्म सिटी, खिलौना पार्क, परिधान पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क सहित कई औद्योगिक परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के विश्वविद्यालय भी यहां अपने परिसर स्थापित करने की तैयारी में हैं।
उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए कौशल विकास हेतु 250 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार अपने वादों को पूरा करती है और प्रदेश का विकास निरंतर जारी रहेगा।
