शामली (शिखर समाचार)। पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के बीच जनपद शामली की अंतिम पंचायत निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई है। दावा एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद जारी सूची के अनुसार जिले में कुल 7 लाख 49 हजार 45 मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही गांवों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रारंभिक निर्वाचक नामावली में 7 लाख 52 हजार 381 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 हजार 502 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए। वहीं सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए 6 हजार 761 प्रथम डुप्लीकेट, 22 हजार 878 द्वितीय डुप्लीकेट तथा 4 हजार 199 अन्य मतदाताओं के नाम हटाए गए। इसके अलावा 1 हजार 50 मतदाताओं के विवरण में संशोधन किया गया।
ऊन ब्लॉक सबसे आगे, कैराना-थानाभवन में भी बड़ी संख्या
विकास खंडवार मतदाताओं की संख्या में ऊन विकास खंड सबसे आगे है, जहां 1 लाख 84 हजार 701 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसके बाद थानाभवन में 1 लाख 77 हजार 884, कैराना में 1 लाख 35 हजार 670, कांधला में 1 लाख 29 हजार 303 तथा शामली विकास खंड में 1 लाख 21 हजार 487 मतदाता शामिल हैं।
जनपद में पंचायत व्यवस्था के तहत 519 न्याय पंचायतें, 230 ग्राम पंचायतें तथा 1,324 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद संभावित प्रत्याशियों ने जनसंपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया है। गांवों में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए विभिन्न रणनीतियां तैयार की जा रही हैं।
चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/focus-on-security-and-environmental-balance/
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मतदाता सूची को अधिकतम शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद अब पंचायत चुनाव की आगामी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी।
जनपद की 230 ग्राम पंचायतों में होने वाले चुनाव में इस बार 7.49 लाख से अधिक मतदाता गांव की सरकार चुनने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। ऐसे में पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह बढ़ गया है और चुनावी माहौल धीरे-धीरे पूरी तरह रंग पकड़ने लगा है।
