हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में टिम्बर कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि निलंबित पुलिस कांस्टेबल समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, बाइक और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
गन प्वाइंट पर परिवार को बंधक बनाकर की थी करोड़ों की डकैती
जानकारी के अनुसार गिरधारी नगर निवासी टिम्बर कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर एक जून की रात चार बदमाश गन प्वाइंट पर घुस गए थे। बदमाशों ने नरेंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी सुशीला अग्रवाल, पोते सिद्धांत तथा चौकीदार श्याम कुमार के हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया और करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का सोना एवं नकदी लूटकर फरार हो गए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि देर रात सुल्तानपुर कट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो बाइकों पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुरादाबाद निवासी साहिबे आलम और रोहित सागर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि गुड्डू आलम, टिंकू उर्फ पिंकू तथा अमरोहा निवासी निलंबित कांस्टेबल विक्की गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया।
जेल में बनी थी साजिश, राजमिस्त्री के बेटे ने कराई थी रेकी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
जांच में सामने आया कि इस गिरोह की साजिश जेल के भीतर तैयार हुई थी। नकली नोटों के मामले में जेल जा चुका निलंबित सिपाही विक्की गौतम वहां साहिबे आलम और अन्य शातिर अपराधियों के संपर्क में आया था। इसके बाद गिरोह ने सुनियोजित तरीके से डकैती की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार कारोबारी के घर में काम करने वाले एक राजमिस्त्री के बेटे टिंकू उर्फ पिंकू ने घर की रेकी की थी और घर में मौजूद कीमती सामान की जानकारी गिरोह तक पहुंचाई थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही शेष लूटा गया माल भी बरामद कर लिया जाएगा। इस बड़ी वारदात का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
