शामली (शिखर समाचार)। हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने रविवार को शामली रेलवे स्टेशन पर धर्मांतरण के एक कथित मामले को लेकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए। विरोध दर्ज कराने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर के भारत मेडिकल स्टोर संचालक देवराज मलिक के पुत्र आयुष के कथित धर्मांतरण प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष भगवान सिंह उर्फ दीपक ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय गृहमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शामली में सामने आया यह मामला अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि एक हिंदू युवक द्वारा इस्लाम धर्म अपनाने और नमाज पढ़ने की सूचना के बाद क्षेत्र में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई है। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि कहीं युवक पर किसी प्रकार का मानसिक दबाव, प्रभाव या कथित ब्रेनवॉश तो नहीं किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांत हुआ प्रदर्शन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शहर के एक निजी चिकित्सक तथा कैराना सांसद के खिलाफ भी नारेबाजी की और मामले में उनकी भूमिका की जांच की मांग उठाई। हिंदू रक्षा दल ने कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए तथा यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बाद में संगठन के पदाधिकारी चेतावनी देकर शांतिपूर्वक लौट गए। इस अवसर पर सोनू चावला, संजय उपाध्याय, नितिन शर्मा, श्रद्धा राजपूत, संध्या राजपूत, सोनू शर्मा और हरिओम पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सीओ जितेंद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा, थाना आदर्श मंडी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने संभाली।
