बिजनौर (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
गर्मी से राहत के लिए पेयजल व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए आमजन को राहत देने के लिए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर के प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को गर्मी में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित जल टंकी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।
पेयजल योजनाओं और निर्माण कार्यों में तेजी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कैंप लगाकर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने पात्र रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें ऋण उपलब्ध कराने तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाते हुए समयबद्ध स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी ने स्वच्छता अभियान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कूड़ा उठान, डोर-टू-डोर कलेक्शन और कचरा निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
