सहारनपुर (शिखर समाचार)
ईद उल फितर पर्व को जनपद सहारनपुर में सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस बल के साथ पूरे जनपद में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों की सतर्कता और प्रभावी प्रबंधन के चलते जनपद में ईद की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
धार्मिक स्थलों का निरीक्षण और जनसेवा
इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न धार्मिक स्थलों और ईदगाहों का निरीक्षण किया तथा धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार से साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
नागरिकों से अपील और तकनीकी निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
प्रशासन की ओर से स्थानीय नागरिकों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें।
यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जनपद में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
