गाजियाबाद (शिखर समाचार)। महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गाजियाबाद द्वारा एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट की अध्यक्षता एवं संचालन में जनपद में दुर्घटना की संभावना को न्यून करने एवं रोक लगाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आहूत हुई। हाल ही में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में जलभराव के कारण हुई मृत्यु की घटना के दृष्टिगत जनपद में निर्माणाधीन मॉल एवं बहुमंजिला भवनों / इमारतों, सडकों पर खुले गढे, तालाब, पोखर/सीवर, क्षतिग्रस्त डिवाइडर, पुल व अन्य सभी प्रकार के दुर्घटना संभावित क्षेत्र आदि को चिन्हित कर सूचना उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना की संभावना को न्यून करने के सम्बंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान नगर निगम गाजियाबाद, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर पालिका परिषद मोदीनगर, विकास खण्ड रजापुर / भोजपुर, लोक निर्माण विभाग खण्ड-2, अग्निशमन विभाग, आवास एवं विकास परिषद आदि विभागों से सूचनाएँ प्राप्त हुई तथा जिन विभागों से सूचनाएं अप्राप्त है। उन्हें अधोहस्ताक्षरी द्वारा तीन दिवस के अन्दर सूचनाएँ उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।अधोहस्ताक्षरी द्वारा सभी विभागों को यह निर्देश दिये गये कि अपने क्षेत्रान्तर्गत पुनः ऐसी जगहों का चिन्हांकन कर लिया जाये जहां दुर्घटना होने की संभावना रहती है तथा उन जगहों पर पर इस प्रकार के पर्याप्त उपाय किये जाये कि इस प्रकार की दुर्घटना किसी भी दशा में न होने पाये। बैठक में कारखाना प्रभाग, उप्र जल निगम, नगर निगम गाजियाबाद, नगर पालिका परिषद लोनी, अग्निशमन, उप्र आवास विकास परिषद, पुलिस, लोक निर्माण विभाग खण्ड-2, नगर विकास, नगर पालिका परिषद मुरादनगर आदि विभागों से सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
