गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार) तहसील क्षेत्र के ब्लॉक सिंभावली अंतर्गत गांव लिसड़ी में स्थित दरगाई बाबा की समाधि पर लगने वाले पारंपरिक बसंत पंचमी मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस वर्ष मेले में अधिक भीड़ आने की संभावना थी, लेकिन बसंत पंचमी के दिन शुक्रवार को सुबह से लगातार बारिश होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, जिससे बच्चों एवं महिलाओं को मेला फीका लगा।
बारिश के बाद उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, बाबा के समाधि स्थल पर छाई भक्ति की लहर
शनिवार को मौसम साफ होने के बाद मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को बारिश के कारण जो लोग मेले में नहीं आ सके थे, वे समापन के दिन मेले में पहुंचे और बाबा की समाधि पर मत्था टेककर प्रसाद चढ़ाया।
मेले की व्यवस्था एवं सुरक्षा में पुलिसकर्मी और सेवादार मुस्तैद रहे। एसडीएम श्रीराम यादव एवं थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने मेले में पहुंचकर महंत देवेश्वरानंद महाराज से वार्ता की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दरगाई बाबा की समाधि के महंत देवेश्वरानंद महाराज ने बताया कि बसंत पंचमी मेला रविवार को संपन्न हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां हजारों श्रद्धालु अपनी मन्नतें लेकर आते हैं। परंपरा के अनुसार कई नवविवाहित जोड़े विवाह के समय पहले परिधान में ही मेले में शामिल होकर बाबा के दर्शन करते हैं।
सीसीटीवी और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से सुरक्षित रहा मेला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sihani-gate-police-solved-a-showroom-theft/
महंत ने बताया कि इस वर्ष जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल नहीं पहुंचने के कारण व्यवस्था बनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेले की सुरक्षा व्यवस्था मुख्य रूप से सिंभावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार और उनकी टीम द्वारा संभाली गई। सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।
मेले की व्यवस्थाओं में महाराज सुबोमुनि, पीतमदास, परमेश्वरानंद, भजनानंद महाराज सहित शिवम, अमरीत सिंह, अनिल कुमार, नीरज, सोनू, यशपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह, अजय आदि का सहयोग रहा।
