कचहरी चौराहे पर दबंगों का तांडव, चावल व्यापारी परिवार पर जानलेवा हमला, पाँच नामजद पर अभियोग दर्ज, व्यापारियों में उबाल, बंद का अल्टीमेटम

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Bullies rampage at the courthouse, a deadly attack on a rice trader's family, charges filed against five named individuals, traders furious, and a shutdown ultimatum. IMAGE CREDIT TO REPORTER

हापुड़ (शिखर समाचार) शहर के सबसे व्यस्त इलाके कचहरी चौराहे के पास सोमवार रात दबंग युवकों की हैवानियत सामने आई, जब उन्होंने एक प्रतिष्ठित चावल व्यापारी, उसके बेटे और उसके मित्र को घेरकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ लाठी-डंडों और घूंसे लातों से हमला किया, बल्कि उन पर अपना पालतू कुत्ता भी छोड़ दिया। पूरी घटना आसपास लगे निगरानी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पाँच युवकों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर लिया है। इस घटना से व्यापारियों में गहरा रोष है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो शहर बंद कराया जाएगा।

चावल कारोबारी पर हमला: लाठी-घात और पालतू कुत्ते से भी हुई घायल

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/five-vehicles-collided-on-epe-in-dense-fog-two-injured-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-805334-2026-01-19?src=top-subnav

प्राप्त जानकारी के अनुसार पक्का बाग निवासी मनोज, जो शहर के प्रमुख चावल कारोबारियों में शामिल हैं, 18 जनवरी की रात अपनी दुकान से निकलकर मित्र योगेश से मिलने फ्रीगंज मार्ग स्थित कचहरी के पास पहुंचे थे। उसी दौरान राहुल शर्मा, अमन मोमोज, एनडी शर्मा उर्फ नितिन शर्मा, अंशुल और सागर नामक युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। मनोज के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जबरन पास की केले गोदाम वाली गली में खींच लिया और वहां लाठियों से ताबड़तोड़ वार करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उन पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया, जिससे वह और अधिक घायल हो गए।

हंगामा सुनकर मनोज का बेटा शुभम गर्ग और कलेक्टर गंज निवासी उनका मित्र अमन चौधरी मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दबंगों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। दोनों पर भी जानलेवा हमला किया गया और लाठी डंडों व हाथापाई से उन्हें बेहोश कर दिया गया। अचानक हुई इस हिंसा से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की सख्त जांच

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/nehru-world-school-student-sanskriti-bana/

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पाँच नामजद आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे निगरानी कैमरों के दृश्य भी एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जा सके।

उधर इस घटना से व्यापारी समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञान्जय सिंह से भेंट कर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त दंड की मांग की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन करेंगे और जरूरत पड़ी तो पूरे शहर को बंद कराया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में ललित छावनी वाले, मनीष मक्खन, अनुज गर्ग, राजीव गर्ग सहित कई प्रमुख व्यापारी नेता उपस्थित रहे। कचहरी जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वह कितनी जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाती है।

Share This Article
Leave a comment