गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)
गढ़ तहसील परिसर में बीते 26 दिनों से जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहा धरना अंततः जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। धरना गढ़मुक्तेश्वर नगर पालिका क्षेत्र से टोल हटाने, स्याना चौपला से प्रस्तावित बाईपास को बाहर निकालने तथा लठीरा तिगरी क्षेत्र में गंगा नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर दिया जा रहा था।
गढ़मुक्तेश्वर में जिलाधिकारी ने साफ किया—गंगा पर पुल निर्माण जारी, बृजघाट बाईपास प्रस्ताव विचाराधीन
धरना स्थल पर पहुंचे गढ़मुक्तेश्वर के जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लठीरा तिगरी क्षेत्र में गंगा नदी पर पुल निर्माण की प्रक्रिया सक्रिय रूप से आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बृजघाट बाईपास को नगर पालिका सीमा के भीतर टोल प्लाजा के पास से निकाले जाने का जो प्रस्ताव सामने आ रहा है, वह अभी केवल विचार स्तर पर है और धरातल पर लागू नहीं हुआ है।
जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि गढ़ बृजघाट क्षेत्र में स्थित टोल प्लाजा से जुड़ी विभिन्न कमियों और समस्याओं को लेकर 20 तारीख को एक प्रतिनिधिमंडल हापुड़ कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। वहां बृजघाट टोल प्लाजा के परियोजना निदेशक के साथ विस्तृत वार्ता की जाएगी, जिसमें टोल से संबंधित सभी खामियों को विस्तार से सामने रखा जाएगा। प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासनों के बाद धरना समाप्त करने की घोषणा की गई। इस दौरान धरना स्थल पर मोंटी चौधरी, जय सिंह राणा, बबलू सहगल, कृष्ण वीर सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, आनंद गुर्जर, बबलू प्रधान, माजिद ठाकुर, राजकुमार चौधरी, राकेश स्वामी, विष्णु दत्त नागर, गौरव राय गौतम, हिमांशु राय, सुशील कुमार, विपिन गौतम, धीरज कुमार अधिवक्ता, कुमारपाल, संदीप निषाद अधिवक्ता, दीपक कुमार, उमेश कुमार लोधी, कपिल लोधी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
