गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार) नगर पालिका क्षेत्र से टोल प्लाजा हटाने, बृजघाट बाईपास को गढ़ स्याना चौराहे से बाहर ले जाने तथा लठीरा गंगा पर नए पुल के निर्माण की मांग को लेकर गढ़ तहसील परिसर में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 26वें दिन भी शांतिपूर्वक जारी रहा। बीते 25 दिनों से लगातार चल रहे इस आंदोलन को प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े संगठनों का समर्थन मिल रहा है।
ग्रामीणों ने जनहित आंदोलन में जताया समर्थन, सामूहिक आवाज़ बनी पंकज लोधी की पहल
शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्राम चक लठीरा के संयोजन में ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर जनहित की मांगों को अपना समर्थन दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाजसेवी पंकज लोधी द्वारा उठाई जा रही आवाज पूरे क्षेत्र की सामूहिक भावना को प्रतिबिंबित करती है और यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि आम जनता की आवश्यकता से जुड़ा है।
धरना स्थल पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन संघर्ष के राष्ट्रीय महासचिव तथा गढ़मुक्तेश्वर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष कृष्णवीर सिंह उर्फ गब्बर ने कहा कि यह आंदोलन समाज के हर वर्ग के हित में है। भविष्य में यदि जनहित से जुड़े किसी भी संघर्ष की आवश्यकता पड़ी तो वे और उनका संगठन हमेशा समाजसेवियों के साथ खड़े रहेंगे।
किसान यूनियन का ऐलान: टोल हटाने और बृजघाट बाईपास सुधार के लिए सड़क पर उतरने की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/mussoorie-police-arrested-an-accused/
भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के प्रदेश महासचिव आमिर चौधरी ने कहा कि टोल प्लाजा का नगर पालिका सीमा में होना जनता पर अनावश्यक बोझ है और इसे हटाया जाना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पंकज लोधी पर किसी प्रकार का दबाव डाला गया तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। उन्होंने यह भी कहा कि बृजघाट बाईपास को स्याना चौराहे से बाहर निकाला जाना ही क्षेत्र के हित में उचित समाधान है।
धरने में ग्राम प्रधान लठीरा निरंजन सिंह, बबलू सहगल, जय सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मास्टर रामवीर चौधरी, कपिल लोधी, पुष्पेंद्र सिंह, सत्येंद्र, भूपेंद्र, भोजवीर, उमेश लोधी, तरुण कुमार, जागेश्वर, अमित त्यागी, जयकरण, अवनीश चौहान, हरिओम, इब्राहिम, भोजवीर सिंह, जगदीश प्रसाद, रामगोपाल सैनी, हामिद चौधरी, शौकीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे। धरनारत लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।
