जेवर/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) कस्बा जहांगीरपुर की अनाज मंडी बुधवार की रात भक्ति, आस्था और संकीर्तन की अलौकिक ध्वनि से गूंज उठी, जब बाबा खाटूश्याम के संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल के संयोजन में संपन्न हुआ, जिसमें बाबा खाटूश्याम का आकर्षक और दिव्य दरबार सजाया गया। संकीर्तन से पूर्व श्रद्धालुओं ने परिवार सहित विधि-विधान से पूजा अर्चना कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। जैसे जैसे रात गहराती गई, वैसे वैसे भजन कीर्तन की रसधार तीव्र होती चली गई और राम नाम के मधुर जाप से हनुमान भक्ति का भाव प्रबल होता गया।
श्रद्धा और भक्ति की उमंग: खाटूश्याम संकीर्तन में भक्तों ने भरा आध्यात्मिक उल्लास
भजनों की सुर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा परिसर श्याम नाम के रंग में रंग गया। रात्रि बारह बजे बाबा खाटूश्याम को विधिवत भोग अर्पित किया गया, जिसके उपरांत प्रसाद का वितरण हुआ। आयोजन में अंशुल मंगला, मुकेश राहुल अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, राकेश शर्मा, टिल्लू गर्ग, शालू अग्रवाल, मोनू गोयल, विवेक कुमार, नवीन अग्रवाल, मुकेश तायल, ब्रजेश गुप्ता, राजू गर्ग, सुमनलता देवी, निशा गर्ग, प्राची, साक्षी, विनीता, तनु प्रिया सहित सैकड़ों भक्तों ने सहभागिता कर संकीर्तन का आध्यात्मिक आनंद लिया। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति, सौहार्द और आध्यात्मिक उल्लास का संदेश फैलाया।
