मुरादनगर (शिखर समाचार)
चुंगी नं. 3, रावली मार्ग स्थित एस.एस.के. पब्लिक स्कूल में 23 व 24 दिसंबर को नर्सरी से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए दो दिवसीय खेलकूद महोत्सव का आयोजन हुआ। इस महोत्सव में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। बच्चों ने बुक दौड़, पशु दौड़, साधारण दौड़, खो-खो, भाला फेंक, वॉलीबॉल, पंखा खेल (बैडमिंटन) और कबड्डी में भाग लिया।
खेलों का भव्य उद्घाटन, बच्चों में उत्साह और जोश का संचार
खेलों का उद्घाटन रामवतार जिंदल राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वतंत्र विद्यालय संघ ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजपाल तोमर और जोगिंदर सिंह चेयरमैन रोजबेल पब्लिक स्कूल ने दीप प्रज्वलित कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसमें पारंपरिक नृत्य और गीतों के साथ-साथ रचनात्मक प्रदर्शन ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों की खूब वाहवाही लूटी।

खेलों के समापन समारोह में विजेता टीमों को विद्यालय के प्रबंधक गुलशन भांबरी और सभी अतिथियों ने ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
खास खेल परिणाम जिसमें कबड्डी: शिशु शिक्षा केंद्र के बच्चों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुरादनगर के बच्चों को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा। वॉलीबॉल: गाजियाबाद की टीम को 16 अंकों की बढ़त से परास्त करते हुए मुरादनगर के एस.एस.के. पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। खो-खो: मुरादनगर एस.एस.के. के बच्चों ने बाज़ी मारी, वहीं बहरामपुर की छात्राओं ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
महोत्सव के दौरान बच्चों का उत्साह और खेल भावना देखते ही बन रही थी। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के खेलकूद कार्यक्रम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि बच्चों में टीम भावना और अनुशासन का विकास भी करते हैं।
