हापुड़/मेरठ (शिखर समाचार) सर्राफा व्यापार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले हापुड़ निवासी व्यवसायी सचिन जिंदल ने मेरठ के आबूलेन क्षेत्र में जिंदल ज्वैलर्स के नये आभूषण प्रतिष्ठान की शुरुआत की। उद्घाटन अवसर पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े नेताओं ने फीता काटकर नये प्रतिष्ठान का शुभारंभ कराया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भरोसे और शुद्धता का नया ठिकाना: जिंदल ज्वैलर्स से बढ़ेगा मेरठवासियों का विश्वास
कार्यक्रम में कैंट क्षेत्र के विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि आबूलेन जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में जिंदल ज्वैलर्स का आना मेरठवासियों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां ग्राहकों को शुद्धता और पारदर्शिता के साथ स्वर्ण व अन्य धातुओं के आभूषण उपलब्ध होंगे, जिससे उपभोक्ताओं का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री पंडित सुनील भराला ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापार और उद्योग को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। व्यापारियों और कारोबारियों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिंदल ज्वैलर्स गुणवत्ता और मानकों पर खरा उतरते हुए सर्राफा बाजार में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

प्रतिष्ठान के संचालक सचिन जिंदल ने उपस्थित अतिथियों और ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आभूषण केंद्र पर उपलब्ध सभी आभूषण पूर्णत: शुद्ध और प्रमाणिक होंगे। ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखना ही उनका मुख्य उद्देश्य है और इसी सिद्धांत के साथ वे व्यापार को आगे बढ़ाएंगे।
उद्घाटन समारोह में मनीष वैश्य, भारत भूषण चावल वाले, पिंटू, प्रथम जिंदल, शालू जिंदल, अजय सिंघल, अभिषेक गोयल, सरदार दर्शन सिंह, संजय, सौरभ शर्मा सहित अनेक व्यापारी, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
