——–जेवर में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, बरगद का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 228 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जेवर तहसील में डीएम मेघा रूपम ने सुनीं शिकायतें
तहसील जेवर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेघा रूपम ने की। उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जेवर तहसील में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं।
दादरी और सदर तहसील में भी हुई सुनवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी (भू-अभिलेख) बच्चू सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जहां कुल 119 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
वहीं तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का तत्काल समाधान कर दिया गया।
डीएम ने दिया सख्त संदेश, मौके पर जांच के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
जिलाधिकारी मेघा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन किया जाए और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
पर्यावरण संरक्षण के लिए डीएम ने किया पौधारोपण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/two-cow-smugglers-caught-after-being-shot/
कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में बरगद का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक नेहा, उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, तहसीलदार ओमप्रकाश पासवान सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
