गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आईएमएस गाजियाबाद विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम परिसर में संस्थान का 37वां स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमएस गाजियाबाद समूह संस्थानों के महासचिव सीए डॉ. राकेश छारिया, कार्यकारी परिषद सदस्य सीए विदुर छारिया, संस्थान की निदेशक प्रोफेसर डॉ. जसकिरण कौर और शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. गीति शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक और नगद पुरस्कार
स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय और परिसर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पदक एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों के 12 छात्र-छात्राओं ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया। इनमें चार को स्वर्ण, पांच को रजत और तीन को कांस्य पदक प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों के 58 परिसर शीर्ष छात्रों को सम्मानित किया गया, जिनमें 19 को स्वर्ण, 20 को रजत और 19 को कांस्य पदक मिले। सभी सम्मानित विद्यार्थियों को पदकों के साथ नगद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। समारोह में संस्थान के 23 छात्र क्लबों के 96 पदाधिकारियों को पदभार भी सौंपा गया।
सफलता के लिए निरंतर सीखना, अनुशासन और समर्पण जरूरी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
महासचिव डॉ. राकेश छारिया ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि निरंतर सीखने, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से प्राप्त होती है। निदेशक जसकिरण कौर ने कहा कि हर उपलब्धि के पीछे मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन डॉ. संध्या शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
