मुरादनगर (शिखर समाचार) क्षेत्र के ग्राम चितौड़ा में युवाओं की ऊर्जा और खेल कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशाल युवा खेल उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के अनेक गांवों और कस्बों से आए खिलाड़ियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। आयोजन की बागडोर प्रधान पद के प्रत्याशी चौधरी संजू फौजी ने संभाली। पूरे दिन मैदान में उत्साह, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का वातावरण बना रहा तथा दर्शकों की भी अच्छी उपस्थिति देखने को मिली।
खेल उत्सव के अंतर्गत वॉलीबाल प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। इस स्पर्धा में कुल 18 दल मैदान में उतरे और एक से बढ़कर एक मुकाबले खेले गए। कड़े संघर्ष के बाद अंतिम मुकाबला मुरादनगर और चितौड़ा की टीमों के बीच खेला गया। दोनों दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया, लेकिन बेहतर तालमेल और सटीक खेल के दम पर मुरादनगर की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न, पदक और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
तेज रफ्तार और जोश का जलवा: दौड़-कूद में खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिस्पर्धा
दौड़ कूद स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी गति और सहनशक्ति का शानदार परिचय दिया। 100 मीटर दौड़ में चंदन सिंह, देवेश और ऋषभ ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में निखिल, शिवम और कृष ने बढ़त बनाते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किए। 800 मीटर स्पर्धा में अतुल शर्मा पहले स्थान पर रहे, जबकि निखिल और जिहान ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 1600 मीटर दौड़ में अतुल, केशव और जिसान ने बेहतरीन समय निकालते हुए बाजी मारी।
बालिका वर्ग की स्पर्धाएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। 15 वर्ष आयु वर्ग की 200 और 400 मीटर दौड़ में माही चौधरी, रुचि और एलिस ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को मंच पर बुलाकर पुरस्कार प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
ग्रामीण खेलों में प्रतिभा की चमक: आयोजन से युवाओं में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
कार्यक्रम के दौरान पवन शर्मा, चमन कुमार, आदित्य चौधरी, राजीव चौहान, वीरपाल सिंह, सुंदरपाल सिंह, राजवीर सिंह, कुशलपाल सिंह, रमेश, रामकुमार सिंह, किशनवीर सिंह, कृष्णपाल, सुशील कुमार, कोठित चौधरी और अभिषेक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति ने बताया कि ऐसे खेल कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
