शामली (शिखर समाचार)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान थानाभवन में गुरुवार को युवाओं एवं भावी उद्यमियों को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की विस्तार से जानकारी देकर युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से उद्यमी मित्र अतुल गुप्ता ने युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद तथा एक जनपद एक व्यंजन योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को अपना व्यवसाय स्थापित करने और स्वरोजगार अपनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। युवाओं को इन योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई।
नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें युवा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अतुल गुप्ता ने कहा कि युवा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि अपने कौशल और प्रतिभा के आधार पर स्वयं का उद्यम स्थापित करें। इससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए व्यवसाय शुरू करने का आह्वान किया।
उद्यमिता के लिए युवाओं को किया प्रेरित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, सरकारी सहायता तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें अपनी रुचि, क्षमता और प्रशिक्षण के अनुरूप स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
