हापुड़ (शिखर समाचार)
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दीवान पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी अरूणा राय ने ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसने सभी के दिलों को छू लिया। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में जब बच्चे, टीचर्स और पुलिसकर्मी एक साथ दौड़ रहे थे, तभी एक नन्हा बच्चा जूते का फीता खुलने के कारण अचानक गिर पड़ा। यह दृश्य देखते ही अरूणा राय ने बिना देर किए दौड़ रोक दी, बच्चे को उठाया, उसके जूते का फीता बांधा और उसका हाथ थामकर अपने साथ दौड़ पड़ीं।
एकता और मानवीयता का संदेश देती ‘रन फॉर यूनिटी’
उनका यह भावनात्मक और मातृत्व से भरा कदम देखकर मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। अरूणा राय ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य सिर्फ दौड़ना नहीं, बल्कि एकता, सहयोग और मानवीयता का संदेश देना है।
एकता के रंग में रंगी ‘रन फॉर यूनिटी’ से गूंजीं सड़कें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-police-organized-a-program/
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों, स्कूल स्टाफ और सैकड़ों बच्चों ने एकजुट होकर सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को नमन किया और समाज में एकता, भाईचारे और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। रन फॉर यूनिटी का बैनर लेकर सड़कों पर दौड़ते प्रतिभागियों ने लोगों से भी एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और देशभक्ति की चमक साफ झलक रही थी। महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में आयोजित यह दौड़ न सिर्फ खेल का प्रतीक बनी, बल्कि संवेदनशील पुलिसिंग और मातृत्व का प्रेरक उदाहरण भी बन गई।

