हाईवे और जंगल से आबादी में आ रहे बारिश के पानी को रोकने सड़क पर उतरे ग्रामीण

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Writing Villagers Take to the Streets to Stop Rainwater Flowing from the Highway and Forest into Residential Areas IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

हरिद्वार (शिखर समाचार)। हाईवे और जंगल से बारिश का पानी आबादी क्षेत्र में आने से परेशान कांगड़ी और गाजीवाली के ग्रामीण मंगलवार को सड़क पर उतर आए। कांगड़ी में ग्रामीणों और महिलाओं ने एकत्र होकर हाईवे पर हंगामा करते हुए पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। सूचना मिलने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से तत्काल मशीन लगाकर पानी की निकासी कराने की मांग की।

सोमवार को हुई बारिश के बाद कांगड़ी की गली नंबर छह और आसपास के आबादी क्षेत्र में पानी भर गया था। हाईवे से लेकर पुराने हरिद्वार मार्ग तक जलभराव होने से लोगों की चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों को आशंका थी कि बारिश लगातार जारी रही तो पानी घरों के अंदर तक पहुंच सकता है। मंगलवार सुबह ग्रामीण और महिलाएं हाईवे पर पहुंच गए और समस्या के स्थायी समाधान की मांग करने लगे।

हाईवे पर हंगामे के बाद शुरू हुई नाले की खुदाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए पोकलेन मशीन मौके पर बुलाकर हाईवे से सटे जंगल के किनारे बड़े नाले की खुदाई शुरू कराई गई। नाला बनने का काम शुरू होने के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद स्वामी यतीश्वरानंद गाजीवाली पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश का पानी आबादी में आने से जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। इस पर उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कार्यदायी संस्था के प्रमोद मलिक को तत्काल मशीन लगाकर पानी की धारा आबादी से दूसरी ओर मोड़ने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग की

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

ग्रामीणों ने कहा कि हर बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है, इसलिए अस्थायी उपायों के बजाय स्थायी जलनिकासी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान, रामसिंह रावत, ललित ढौंडियाल, पवन पंत, अर्जुन कश्यप, भुवन काला, लक्ष्मण कश्यप, रमोला, सोनू जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment