10 दिन से अंधेरे में गांव, बिजलीघर का घेराव कर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Village remains without electricity for 10 days; villagers protest by gheraoing the power station. | IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

रबूपुरा (शिखर समाचार)। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार 10 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान पचकोरा गांव के ग्रामीणों का सोमवार को सब्र जवाब दे गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग रबूपुरा विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए तथा बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए परिसर का घेराव कर धरने पर बैठ गए।

करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया।

ट्रांसफार्मर फुंकने से आधा गांव अंधेरे में, पानी की आपूर्ति ठप

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगा 100 केवीए क्षमता का विद्युत परिवर्तक करीब 10 दिन पहले जल गया था। विभागीय कर्मचारियों ने जल्द नया विद्युत परिवर्तक लगाने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक उसे बदला नहीं गया।

ग्रामीणों के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव का आधा हिस्सा अंधेरे में डूबा हुआ है। बिजली नहीं मिलने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि मोटरें बंद होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

ग्रामीण कालू, दिनेश, सुशील, विजय सहित अन्य लोगों ने बताया कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी में बिजली न होने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

जेई के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सूचना मिलने पर पहुंचे कनिष्ठ अभियंता ने ग्रामीणों से वार्ता की और जल्द नया विद्युत परिवर्तक स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।

Share This Article
Leave a comment