गाजियाबाद (शिखर समाचार)। साइबर ठगी से लोगों को बचाने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने “साइबर अवेकनिंग” नामक विशेष अभियान चला रखा है। इसके तहत पुलिस लगातार युवाओं से लेकर बुजुर्गों को ठगों की चालबाजियों और तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रही है। पुलिस का कहना है कि लोगों को जागरूक कर ही साइबर अपराधियों के जाल से बचाया जा सकता है।
ठगी गई रकम वापस, पीड़ित ने जताया आभार
शनिवार को साइबर सेल थाना विजयनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड में ठगी गई 1 लाख 5 हजार रुपए की रकम पीड़ित अजय को वापस कराई। रकम मिलते ही अजय ने विजयनगर पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया। थाना अध्यक्ष शशि कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस लगातार साइबर अवेकनिंग कैंप लगाकर लोगों को जागरूक कर रही है, ताकि कोई भी शातिर ठगों के जाल में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाए।
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/master-plan-2031-brings-growth-and-investment/
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त 2025 को सिद्धार्थ विहार ब्रह्मपुत्र एन्क्लेव निवासी अजय के साथ 1.05 लाख रुपए की ठगी हुई थी। अजय ने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने खाते में धनराशि होल्ड करवाई और बैंक से पत्राचार कर रकम पीड़ित को वापस दिलवाई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जैसे ही ठगी की घटना हो, तुरंत सूचना दें ताकि धनराशि को सुरक्षित कर उन्हें लौटाया जा सके।
