मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम को मिले प्रशस्ति प्रमाण पत्र किए भेंट
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मेहनत लगातार रंग ला रही है, जिसके फल स्वरुप जल संचय और जन भागीदारी में गाजियाबाद नगर निगम ने उत्तर प्रदेश में दूसरा एवं भारत में पांचवा स्थान प्राप्त किया। नगर निगम के कार्यों की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशंसा की। इनता ही नहीं मुख्यमंत्री ने मेयर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का आगे भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उत्साह वर्धन किया। मेयर और नगर आयुक्त ने प्राप्त किए गए स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति प्रमाण पत्र को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करते हुए भेंट भी किए। आपको बता दे कि गाजियाबाद नगर निगम ठोस अपशिष्ट से अनेक उपयोगी वस्तु बनाने के अलावा पेंट बनाने का कार्य भी कर रहा है। पेंट बनाने का प्रथम चरण का कार्य तेजी से चल रहा है और उसका इस्तेमाल नंदी गौशाला में पुताई के लिए किया जा चुका है। इसके अलावा वायु प्रदूषण कम करने के लिए महा अभियान गाजियाबाद में चल रहा है, जिसके तहत नगर निगम गाड़ियों से पानी का छिड़काव 24 घंटे सड़कों पर कर रहा है। पानी के छिड़काव के कारण गाजियाबाद में वायु प्रदूषण का असर धीरे-धीरे कम होता भी दिखाई दे रहा है। गाजियाबाद के अधिकारी लगातार सड़कों पर उतरकर खुद पानी का छिड़काव भी करवा रहे है और जीपीएस के माध्यम से गाड़ियों की लगातार मॉनीटरिंग भी की जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार महा अभियान के चल रहे कार्यों का जायजा भी ले रहे है।
