—-नेहरू वर्ल्ड स्कूल (बालक) एवं सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल (बालिका) बने चैम्पियन
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन गाजियाबाद द्वारा आयोजित अंडर-17 जिला बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2026 का सफल समापन 8 मई को जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम एवं सेंट टेरेसा स्कूल में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 4 मई से 8 मई तक किया गया, जिसमें जिले की विभिन्न विद्यालयी टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
28 टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चैम्पियनशिप में कुल 28 टीमों ने हिस्सा लिया तथा पूरे टूर्नामेंट में 48 रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए डीपीएस गाजियाबाद को 40-25 से पराजित कर चैम्पियनशिप अपने नाम की। वहीं बालिका वर्ग में सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल ने डीपीएसजी वसुंधरा को 61-13 के बड़े अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
समापन समारोह में जेकेजी ग्रुप के चेयरमैन जे. के. गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम की प्रधानाचार्या निधि गौड़ भी मौजूद रहीं।
आयोजन को सफल बनाने में मिला सहयोग
जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन गाजियाबाद ने आयोजन को सफल बनाने में चेतना मित्तल, करुण गौड़, नीरज शर्मा, वरुण गौड़ तथा प्रधानाचार्या निधि गौड़ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच साबित हुई तथा जिले में बास्केटबॉल खेल को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
