ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यातायात पुलिस विभाग की ओर से बाइक रैली निकाली गई। जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने दीवानी न्यायालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में यातायात पुलिस की 30 बाइक और अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
बाइक रैली दीवानी न्यायालय से एलजी चौक, जगतफार्म होते हुए परीचौक तक पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पर्चे वितरित कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी दी और लंबित मामलों के शीघ्र एवं सरल निस्तारण के लिए इसका अधिकाधिक लाभ उठाने के प्रति जागरूक किया।
12 सितंबर को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को सुबह 10 बजे से जनपद मुख्यालय तथा सभी तहसील न्यायालयों में किया जाएगा। जिला न्यायाधीश ने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसमें मोटर वाहन चालान, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक, उत्तराधिकार, दीवानी, विद्युत, भू-राजस्व, ई-चालान तथा परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित मामलों सहित अन्य प्रकरण शामिल हैं।
इसके अलावा सेवा, पेंशन और श्रम संबंधी मामलों तथा मुकदमा दायर होने से पहले बैंक ऋण, विद्युत और बीएसएनएल के दूरभाष बिल से जुड़े प्रकरणों का भी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए लाभ उठाने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिला न्यायाधीश ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित और सुलभ निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं। जानकारी या सहायता के लिए 7678643985 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर सुनील कुमार, सोमप्रभा मिश्रा, विरेक अग्रवाल, एसीपी पवन कुमार, यातायात निरीक्षक प्रफुल्ल श्रीवास्तव, निरीक्षक सूरजपुर संजीव उज्जवल सहित न्यायिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
