शामली (शिखर समाचार)
उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ जनपद इकाई शामली के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष डॉ. पूनम तोमर के नेतृत्व में जनपद के नवनियुक्त जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षा व्यवस्था और महिला शिक्षिकाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मांग-पत्र सौंपा।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बुनियादी सुविधाओं की मांग
जिलाध्यक्ष डॉ. पूनम तोमर ने कहा कि जनपद में पूर्व अधिकारियों के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और नए अधिकारियों के नेतृत्व में बुनियादी शिक्षा, महिला सुरक्षा तथा सुशासन के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
संघ द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए मांग-पत्र में जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण, नए कक्षों के निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने, विद्यालयों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।
विद्यालयों में ढांचागत सुविधाओं पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष विद्यालयों की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवालों के निर्माण, विद्यालय परिसरों में जलभराव की समस्या के समाधान तथा महिला शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित कराने का प्रस्ताव रखा गया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मानव संपदा पोर्टल पर चाइल्ड केयर लीव, मातृत्व अवकाश एवं चिकित्सा अवकाश से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, अवकाश उपरांत वेतन बहाली तथा स्थानांतरण एवं समायोजन प्रक्रिया में सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने की मांग की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने का सुझाव
प्रतिनिधिमंडल ने नई शिक्षा नीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ब्लॉक, न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर खेलकूद समितियों के गठन तथा नियमित प्रशिक्षण व्यवस्था शुरू किए जाने का सुझाव भी दिया।
इस अवसर पर डॉ. पूनम तोमर, नीरू नैन, शाइस्ता परवीन, प्रिया शर्मा, नीलम मलिक, अलका बंसल, सलूजा मलिक, कल्पना चौधरी, संगीता सिंह, अलका मलिक सहित संघ की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
