किसानों के गन्ना भुगतान में थानाभवन मिल पिछड़ी, डीएम ने लगाई फटकार

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Thanabhawan Sugar Mill Lags Behind in Sugarcane Payments to Farmers; DM Reprimands Mill Officials IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

शामली (शिखर समाचार)। गन्ना मूल्य भुगतान में थानाभवन चीनी मिल की लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी आलोक यादव ने कड़ी नाराजगी जताई। पेराई सत्र 2025-26 के दौरान मिल पर किसानों का 71.27 करोड़ रुपये बकाया मिलने पर उन्होंने प्रबंधन को तत्काल शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भुगतान में देरी होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार को कलक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने शामली, ऊन और थानाभवन चीनी मिलों के गन्ना मूल्य भुगतान, आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों और शेष चीनी भंडार की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि थानाभवन मिल को कुल 301.60 करोड़ रुपये का भुगतान करना था, जिसमें से 230.33 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद 71.27 करोड़ रुपये बकाया हैं।

थानाभवन मिल पर 71.27 करोड़ बकाया, भुगतान में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

इसके विपरीत शामली चीनी मिल ने 323.19 करोड़ रुपये और ऊन चीनी मिल ने 267.03 करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है। जिलाधिकारी ने थानाभवन मिल प्रबंधन को बकाया राशि जल्द चुकाने के निर्देश दिए।

मरम्मत कार्य में भी थानाभवन मिल पीछे, समय पर पेराई शुरू करने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

आगामी पेराई सत्र की तैयारियों में भी थानाभवन मिल अपेक्षाकृत पीछे मिली। समीक्षा के अनुसार शामली चीनी मिल में 85 प्रतिशत, ऊन में 78 प्रतिशत और थानाभवन में 76.25 प्रतिशत मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य पूरा हुआ है। जिलाधिकारी ने तीनों मिलों को शेष कार्य तेजी से पूरा कर निर्धारित समय पर पेराई शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा, खांडसारी अधिकारी तथा तीनों चीनी मिलों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment