शामली (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी आलोक यादव ने आरके पीजी कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से मेहनत करने तथा असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, कड़ी मेहनत और लगन के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी से उनके सिविल सेवा के सफर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता की रणनीति को लेकर विभिन्न सवाल पूछे। आलोक यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित एवं अनुशासित अध्ययन, प्रभावी समय प्रबंधन, विषयवार तैयारी, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से धैर्य और निरंतरता बनाए रखने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए दिए निर्देश
छात्र-छात्राओं ने शिक्षा और कॉलेज से संबंधित समस्याएं एवं अपनी जिज्ञासाएं भी जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों की जरूरतों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की निःशुल्क कोचिंग का लाभ लेने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता है। सही दिशा, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आरके इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का लाभ लेने की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या लक्ष्मी जयसवाल, डॉ. अमित मलिक, प्राचार्य डॉ. मनमोहन कृष्ण जैली, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
