शामली (शिखर समाचार)
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद शामली में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर समय पर अदायगी करने वाले पथ विक्रेताओं एवं छोटे कारोबारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छोटे व्यापारियों को मिला आत्मनिर्भरता का सहारा
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल एवं अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी संचालकों और लघु व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बिना गारंटी ऋण की सुविधा मिलने से हजारों छोटे व्यापारी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़े हैं तथा उनके कारोबार को नई गति मिली है।
डिजिटल सुविधाओं और ऋण वितरण पर विशेष फोकस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
महोत्सव के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया। वहीं जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के कर्मचारियों ने ऑनलाइन ऋण आवेदन, डिजिटल भुगतान से जुड़ी जानकारी तथा क्रेडिट कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी पूरी कराई।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 1 जून से 30 जून तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ने और उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में डूडा प्रबंधक गिरि गोपाल दास, बैंक अधिकारी, सभासद, लाभार्थी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
