मुठभेड़ में चारों के पैर में लगी गोली, दो उपनिरीक्षक भी घायल
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना सिहानीगेट पुलिस ने ऑटो में सवारियों के साथ ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 4 अभियुक्त आमिर, नफीस, रिहान और शोएब को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में चारों के गोली लगी और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से पीली धातु के 1 जोडी कुण्डल, 1 अंगूठी पीली धातु, 1 जोडी पाजेब पायल सफेद धातु, 59 हजार रुपये नगद, 4 तमन्चे 315 बोर, 4 खोखा कारतूस, 4 जिन्दा कारतूस और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया। वहीं आरोपियों को रोकने के दौरान दो उपनिरीक्षक भी घायल हुए, जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस पर फायरिंग कर भागे लुटेरे गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार: ऑटो में सवार होकर करते थे सवारियों से लूट
एसीपी नंदग्राम उपासना पाण्डेय ने बताया कि हमदर्द चौराहे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान ऑटो सवार कुछ लोगों को रुकने का इशारा किया लेकिन वह ऑटो को रोकने की जगह भागने लगे। ऑटो को रोकने के लिए वायरलेस किया गया, जिसके बाद डीपीएस फाटक के पास जब ऑटो को रोकने का इशारा किया गया तो ऑटो में सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए बैरिकेडिंग में टक्कर मार दी और फाटक की तरफ भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो उन्होंने ऑटो जंगल की तरफ मोड़ दिया। जंगल में ऑटो फस गया और वह सभी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि बैरिकेडिंग में टक्कर लगने के कारण दो उपनिरीक्षक भी घायल हुए थे और सभी घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। आमिर पर 14, नफीस पर 2, रिहान पर 7 और शोएब पर 1 मुकदमा दर्ज है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह चारों ऑटो में सवार होकर सुनसान रास्तों पर अकेली सवारियों को ढूंढा करते थे। जब सवारी उनके ऑटो में बैठ जाती थी तो उसे इनकम टैक्स चोरी का डर दिखाकर उसके आभूषण और सामान उतरवा लेते थे। सामान लेने के बाद सवारी को ऑटो से उतार कर फरार हो जाते थे।

