ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित टी 10 स्टाफ क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेल भावना और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में हॉस्पिटल एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजिस्ट्रार एकादश को पांच विकेट से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि रजिस्ट्रार एकादश को उपविजेता पदक से संतोष करना पड़ा।
फाइनल में रोमांचक मुकाबला: हॉस्पिटल एकादश ने सधी बल्लेबाजी से खड़ा किया चुनौतीपूर्ण स्कोर
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए हॉस्पिटल एकादश ने निर्धारित दस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 87 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से डॉ अंकुर ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 24 रन बनाए, जबकि राहुल नागर ने 19 रनों का योगदान दिया। रजिस्ट्रार एकादश की गेंदबाजी की बात करें तो तेजस और अश्विनी ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए दो दो विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रजिस्ट्रार एकादश की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। हॉस्पिटल एकादश के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा, जिसके चलते पूरी टीम निर्धारित दस ओवर में नौ विकेट खोकर मात्र 66 रन ही बना सकी। हॉस्पिटल एकादश की ओर से तौफीक मलिक ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में केवल 16 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और जीत की नींव मजबूत की।

मैच में हरफनमौला प्रदर्शन के लिए डॉ अंकुर को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन नेतृत्व और खेल के लिए रजिस्ट्रार एकादश के कप्तान डॉ विवेक गुप्ता को श्रृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया, हालांकि उनकी टीम फाइनल में जीत दर्ज नहीं कर सकी।
समापन अवसर पर प्रो चांसलर वाई के गुप्ता ने दोनों टीमों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास रहता है कि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के साथ साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्टता बनी रहे। डीन छात्र कल्याण डॉ प्रमोद कुमार तथा खेल निदेशक और मानव संसाधन विभाग की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों सहित अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
