गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मिशन शक्ति के 5वें चरण को परवान चढ़ाने में गाजियाबाद पुलिस जुटी हुई है। खुद महिला पुलिसकर्मी इस अभियान को आगे बढ़कर जन-जन तक पहुंचा रही है। शक्ति ऑन व्हील्स के टाइटल के साथ हथियारों से लैश होकर महिला पुलिसकर्मियों ने जगह-जगह पैट्रोलिंग की, जिसका शुभारंभ डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया था। इतना ही नहीं हथियारों के साथ गाड़ियों पर सवार महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के लिए जागरूक भी किया।
महिला पुलिसकर्मियों की शक्ति: ‘शक्ति ऑन व्हील्स’ अभियान से सुरक्षा में नया आयाम
खास बात यह है कि एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने खुद फ्रंट पर आकर इस अभियान को लीड किया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण के तहत महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर शक्ति ऑन व्हील्स टाइटल के साथ अभियान को आगे बढ़ाया गया। अभियान के तहत गाड़ियों और दोपहिया वाहनों पर सवार होकर पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने विभिन्न तरह के हथियार लेकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया। महिला पुलिसकर्मियों ने भीड़ भाड़ वाले इलाके सहित अन्य जगहों पर पैट्रोलिंग की। उन्होंने बताया कि थाना अध्यक्ष क्रॉसिंग रिपब्लिक सरिता मलिक और 60 महिला पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर जगह-जगह पेट्रोलिंग की गई। पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को संदेश दिया गया कि महिलाएं केवल सुरक्षा की प्राप्तकर्ता नहीं है बल्कि सुरक्षा की प्रहरी भी है।

